भिलाई-3 पुरानी भिलाई थाना में लगातार दूसरे दिन हंगामा जारी रहा

Chhattisgarh Crimesभिलाई-3 पुरानी भिलाई थाना में लगातार दूसरे दिन हंगामा जारी रहा। गुरुवार को डबरापारा वार्ड के पार्षद तुलसीराम ध्रुव ने आरोप लगाया कि भिलाई-3 थाना में दर्ज एक गुंडा-बदमाश उनके खिलाफ गलत जानकारी फैला रहा है और उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।

इसको लेकर बीजेपी पार्षद तुलसीराम ध्रुव अपने समर्थकों और वार्डवासियों के साथ धरने पर बैठ गए और उस बदमाश के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की। उन्होंने कहा कि वह सोशल मीडिया और मीडिया के जरिए उनके खिलाफ झूठी बातें फैला रहा है।

अब जानिए आखिर क्या है पूरा मामला

पूरे विवाद की शुरुआत एक दिन पहले हुई, जब भिलाई-3 की एक महिला ने थाना में पदस्थ आरक्षक अरविंद मेंढ़े पर यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया। महिला हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ थाने पहुंची थी। उसकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरक्षक मेंढ़े के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे सस्पेंड कर दिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

इसी मामले को लेकर 19 नवंबर को भिलाई-3 थाने में हिंदू संगठन के पुष्पराज सिंह ने कहा कि पीड़ित महिला ने उन्हें फोन करके सूचना दी थी। इसके बाद वे कार्रवाई के लिए थाने गए थे।

पुष्पराज ने पार्षद पर भी आरोप लगाया और कहा कि इस मामले में पार्षद तुलसीराम ध्रुव का भी कुछ हद तक हस्तक्षेप था। उसके अनुसार, पार्षद ने महिला पर दबाव बनाया कि पिछले मामले में पैसे नहीं देने की वजह से पुलिस उन पर केस कर सकती है। महिला पर बार-बार दबाव डालकर उन्हें थाने जाने के लिए मजबूर किया गया।

थाने के बाहर बदमाशों की लिस्ट में लगी है फोटो वहीं, धरने की खबर मिलते ही एएसपी पद्मश्री तंवर मौके पर पहुंचीं और पार्षद से उनकी शिकायतों के बारे में बात की। पार्षद ने बताया कि पुष्पराज सिंह का नाम थाने की गुंडा-बदमाश सूची में दर्ज है और उसकी तस्वीर थाने के बाहर लगी है। इसके बावजूद वह थाने में आकर मीडिया के सामने उनके खिलाफ झूठे आरोप लगा रहा है।

पार्षद ने कहा कि यह सब पुलिस की मौजूदगी में हो रहा है, जिससे लगता है कि उसे संरक्षण मिल रहा है। उन्होंने कहा कि उसका थाने में आना-जाना बंद करना चाहिए।

एफआईआर दर्ज करने की मांग को लेकर अड़े पार्षद तुलसीराम ध्रुव ने भिलाई-3 थाना में पुलिस अधीक्षक के नाम आवेदन दिया है। इसमें उन्होंने पुष्पराज सिंह के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है। पार्षद का कहना है कि पुष्पराज सिंह उनके बारे में झूठी और भ्रामक अफवाहें फैला रहा है।

उन्होंने यह भी कहा कि इससे पहले भी पुष्पराज ने थाना परिसर में उनके साथ दुर्व्यवहार किया था। पार्षद ने एएसपी तंवर को बताया कि ऐसे लोग भिलाई-3 और चरोदा क्षेत्र में शांति और सौहार्द को खराब कर रहे हैं, इसलिए उन पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।

पार्षद ने एसएसपी से की मांग – गुंडा बदमाशों का थाने में प्रवेश हो बंद

धरने पर बैठे पार्षद तुलसीराम ध्रुव ने एसएसपी से कहा कि ऐसे गुंडा-बदमाशों पर तुरंत कार्रवाई की जाए और उन्हें थाना परिसर में आने से रोका जाए। उनका कहना था कि यह व्यक्ति आकर यहां की शांति बिगाड़ने की कोशिश कर रहा है।

तुलसीराम ने बताया कि वे छत्तीसगढ़ आदिवासी पार्षद हैं, इसलिए उन्हें लगातार टारगेट किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महिला ने उनसे अपने बेटे के लिए मदद मांगी थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया, क्योंकि उनके बेटे ने गलत किया है और कानून के तहत सजा मिलेगी। इसके बाद महिला सीधे बजरंग दल के पास चली गई।

पार्षद ने चेतावनी दी कि अगर पुष्पराज पर कार्रवाई नहीं हुई तो वे फिर से धरने पर बैठेंगे और बड़ी संख्या में आएंगे।

पार्षद की शिकायत की पुलिस कर रही जांच

एएसपी पद्मश्री तंवर ने बताया कि वार्ड नंबर 12 के पार्षद तुलसीराम ध्रुव आज वार्ड की महिलाओं सहित अन्य लोगों के साथ थाने पहुंचे और वहां शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत में पार्षद ने कहा कि पुष्पराज नाम का व्यक्ति उनकी छवि को खराब करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने बताया कि कल भिलाई-3 में एक महिला ने आरक्षक के खिलाफ शारीरिक शोषण का आरोप लगाकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पार्षद का कहना है कि इस मामले में पुष्पराज उनके खिलाफ दुष्प्रचार कर रहा है। पुलिस अब पार्षद की शिकायत की जांच कर रही है।

Exit mobile version