
पुलिस ने ट्रक और कबाड़ समेत कुल 17 लाख 55 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है। मामले में राजस्थान के कोटा जिले के रहने वाले ट्रक चालक को गिरफ्तार किया गया है। यह मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।
गेरवानी मेन रोड पर नाकेबंदी कर पकड़ा ट्रक
पुलिस को सूचना मिली थी कि 14 चक्का ट्रक में अवैध रूप से स्क्रैप लोड कर पूंजीपथरा की ओर लाया जा रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने गेरवानी मेन रोड पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की।
इसी दौरान पुलिस ने एक 14 चक्का ट्रक को रोककर तलाशी ली। चालक ने पूछताछ में अपना नाम नेमीचंद मीणा (46), निवासी रामपुरिया, थाना इटावा, जिला कोटा, राजस्थान बताया।
24 टन स्क्रैप के नहीं मिले वैध दस्तावेज
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें अलग-अलग प्रकार के टिन और लोहे के टुकड़ों समेत बड़ी मात्रा में स्क्रैप मिला। पुलिस ने चालक से कबाड़ के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
पूछताछ में चालक ने बताया कि वह ओडिशा से कबाड़ लोड कर पूंजीपथरा के एक प्लांट में खपाने के लिए ला रहा था।
17.55 लाख की संपत्ति जब्त
पुलिस ने ट्रक में लोड करीब 24 टन कबाड़ और 10 लाख रुपए कीमत का ट्रक जब्त कर लिया। पुलिस ने कुल 17 लाख 55 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की है।
BNS की धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ धारा 35(क)(ड) BNS और 303(2) BNS के तहत अपराध दर्ज किया है। मामले को जांच में लिया गया है।
अवैध कबाड़ के कारोबार पर कार्रवाई जारी
SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि अवैध कबाड़ के परिवहन और कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सूचना के आधार पर ओडिशा से अवैध स्क्रैप लेकर पूंजीपथरा की ओर आ रहे ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।