छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में धान खरीदी की शुरुआत होते ही अवैध धान को लेकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पंजीकृत व्यापारी ने 65 बोरी धान को खपाने की तैयारी में दूसरे के घर में रखवा दिया था। जिसे संयुक्त जांच टीम ने जब्त कर लिया है। वहीं पुलिस ने भी ओडिसा से रायगढ़ ला रहे पिकप लोड 60 बोरी धान को जब्त किया है।
जानकारी के मुताबिक राजस्व, खाद्य और मंडी विभाग की टीम अवैध धान परिवहन व भंडारण पर निगरानी कर रही है। 20 नवंबर को सूचना मिली कि ग्राम घरघोड़ी में अंगद यादव के घर में काफी मात्रा में धान भंडारण कर रखा गया है।
ऐसे में नायब तहसीलदार, सहायक खाद्य अधिकारी, मंडी निरीक्षक की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और उसके घर में जांच किया गया। जहां 65 बोरी अवैध धान भंडारण कर पाया गया।
पूछताछ करने पर अंगद यादव ने बताया कि मंडी का लाइसेंसधारी व्यापारी उद्धव डनसेना ने इसे रखवाया है। इससे यह स्पष्ट हो गया कि इस धान को अवैध रूप से खपाने की तैयारी की जा रही थी। संयुक्त जांच टीम ने 65 बोरी धान जब्त करते हुए मंडी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
जांच में पिकप में मिला ओडिसा का धान
पुलिस भी अवैध धान पर निगरानी रख रही है। 19 नवंबर को पुसौर पुलिस ने ओडिसा बॉर्डर के ग्राम त्रिभौना में चेकिंग के दौरान कार्रवाई करते हुए पिकअप वाहन से 60 कट्टा धान जब्त किया है।
ओडिसा के झारसुगड़ा जिला के सेमरलिया निवासी वाहन चालक आनंद सा (56 साल) से पूछताछ में उसने बताया कि वह धान को ओडिसा से छत्तीसगढ़ के किसी उपज मंडी-संग्रहण केंद्र में बिक्री के उद्देश्य से ला रहा था।
जिसका उसके पास कोई दस्तावेज ना पाया गया। ऐसे में आरोपी के खिलाफ अपराध कायम कर मंडी निरीक्षक को सूचना दी गई।