
जानकारी के मुताबिक, साक्षी राजनांदगांव में ससुराल में रहती थी। 22 नवंबर की सुबह वह छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से पावर हाउस स्टेशन उतरी थी। यहां से उसके पिता उसे लेने पहुंचे थे। स्टेशन से पिता-बेटी बाइक से भिलाई-3 स्थित अपने मायके की ओर निकल पड़े।
जैसे ही वे पावर हाउस ओवरब्रिज के नीचे उतरे, तभी पीछे से एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही पिता बाइक समेत दूर जा गिरे, जबकि साक्षी पीछे की ओर सड़क पर गिरते ही ट्रेलर की चपेट में आ गई। ट्रेलर उसे कुछ दूर तक घसीटता हुआ निकल गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
9 महीने पहले ही हुई थी शादी
परिजनों के अनुसार, साक्षी की शादी इसी साल फरवरी 2024 में हुई थी। परिवार में खुशियां अभी ठीक से बसी भी नहीं थीं कि यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की खबर मिलते ही पति और ससुराल पक्ष भी भिलाई पहुंच गया। पति बार-बार फूट-फूटकर रो रहे हैं। बीमार मां को देखने आती थी मायके
साक्षी नियमित रूप से भिलाई आती थी क्योंकि उसकी मां कुछ समय से बीमार चल रही थी। शनिवार-रविवार की छुट्टी होने के कारण वह अक्सर मायके में समय बिताती थी। 22 नवंबर को भी वह मां का हाल जानने ही आ रही थी लेकिन बीच रास्ते में ही जिंदगी ने उसका साथ छोड़ दिया।
पिता खुद को दोषी मान रो रहे
हादसे के बाद साक्षी के पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। वे बार-बार यही कह रहे हैं कि अगर वे स्टेशन न गए होते या रास्ता बदल लेते, तो शायद बेटी बच जाती। परिजन उन्हें संभालने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन सदमे से उबर पाना उनके लिए बेहद मुश्किल हो रहा है। ट्रेलर चालक फरार, पुलिस तलाश में
यह मामला खुर्सीपार थाना क्षेत्र का है। हादसे के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद भी ली जा रही है। साक्षी के शव को सुपेला मर्च्युरी में पोस्टमॉर्टम के लिए रखा गया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को अभी भी विश्वास नहीं हो रहा कि उनकी लाडली इतनी जल्दी और इतने दर्दनाक तरीके से उनसे छिन गई। पुलिस ने कहा है कि आरोपी चालक जल्द पकड़ा जाएगा और उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।