
पहला हादसा
अस्पताल पुलिस चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक छात्र का नाम ऐश्वर्य साहू (16 वर्ष) था, जो ग्राम पचपेड़ी निवासी कुशल साहू का पुत्र था। ऐश्वर्य नौवीं कक्षा में पढ़ाई करता था।
ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से दबा
ऐश्वर्य के पिता कुशल साहू ने पुलिस को बताया कि 21 नवंबर की दोपहर वह हार्वेस्टर के लिए डीजल लेने रानीतराई गया था। उन्हें लगभग 3 बजे फोन पर सूचना मिली कि गाड़ाडीह राइस मिल के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से ऐश्वर्य उसके नीचे दब गया है।
सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों की मदद से ऐश्वर्य को ट्रैक्टर-ट्रॉली के नीचे से निकाला गया। उसे तुरंत धमतरी के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
दूसरा हादसा
वहीं, मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम राजपुर में धान से भरा ट्रैक्टर पलटने से किसान की मौके पर ही मौत हो गई। शनिवार दोपहर लगभग 2 बजे प्रदीप ध्रुव उर्फ भगोली अपने खेत से धान मिजाई करके ट्रैक्टर में धान भरकर लौट रहे थे। तभी दर्री नाला और फुलवारी के बीच ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खेत में पलट गया।
ट्रैक्टर के पलटने से प्रदीप इंजन के नीचे दब गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जो अब आगे की कार्रवाई में जुट गई है।