बिलासपुर में हैंडपंप टेक्नीशियन परीक्षा के दौरान देवकीनंदन स्कूल सेंटर पर हंगामा हो गया। निर्धारित समय के बाद पहुंचने वाले परीक्षार्थियों को प्रवेश नहीं दिया गया, जिसके बाद उन्होंने व्यापमं के क्वार्डिनेटर को घेर लिया और परीक्षा हॉल में प्रवेश देने की मांग की।
परीक्षार्थियों का आरोप था कि जब एक परीक्षार्थी जो बाहर घूम रहा था> उसे प्रवेश दे दिया गया, तो एकाध मिनट की देरी से आने वाले अन्य परीक्षार्थियों के लिए गेट बंद क्यों किया गया। उन्होंने इसे भेदभाव बताया।
देवकीनंदन स्कूल सेंटर से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कुल 360 परीक्षार्थियों को परीक्षा देनी थी। इनमें से 233 परीक्षार्थी निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचे, जबकि 127 परीक्षार्थी गैरमौजूद रहे।
एक-दो मिनट की देरी पर भी नहीं मिली प्रवेश अनुमति
हैंडपंप टेक्नीशियन परीक्षा के लिए व्यापमं की ओर से जारी निर्देशिका में ड्रेस कोड से लेकर सुबह 10:30 बजे से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने सहित 15 बिंदुओं पर सख्त निर्देश दिए गए थे।
रायपुर, अंबिकापुर और रायगढ़ जैसे दूरस्थ स्थानों से बिलासपुर पहुंचे कुछ परीक्षार्थियों ने बताया कि उन्हें प्रवेश पत्र की स्पष्ट कॉपी निकलवाने में दिक्कत हुई, जिसके कारण उन्हें दोबारा भेजा गया। इस प्रक्रिया में उन्हें एक-दो मिनट की देरी हो गई, लेकिन उन्हें प्रवेश की अनुमति नहीं मिली
130 परीक्षार्थी गैरमौजूद
व्यापमं परीक्षा के प्रभारी और डिप्टी कलेक्टर शिव कुमार कंवर ने बताया कि हैंडपंप टेक्नीशियन पद के लिए शहर में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इन केंद्रों पर 3101 परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिनमें से 1971 परीक्षार्थी ही निर्धारित समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे।
कुल 1130 परीक्षार्थी गैरमौजूद रहे, जो लगभग 36 प्रतिशत है। उन्होंने यह भी दावा किया कि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अवांछित गतिविधि या गड़बड़ी की कोई शिकायत कहीं से प्राप्त नहीं हुई है।
स्कूल टीचर ने दी सफाई
देवकीनंदन सेंटर के गेट के बाहर परीक्षार्थी जब बाहर घूम रहे एक परीक्षार्थी के लिए गेट खोलने का आरोप लगा रहे थे, वहां तैनात टीचर ने सफाई दी कि वह अपना रोल नंबर ढूंढ रहा था। इधर व्यापमं के
क्वार्डिनेटर डॉ. प्रवीण कुमार पांडेय का कहना है कि देवकीनंदन सेंटर में वह 10.50 बजे पहुंचे तो उन्हें गेट के बाहर कुछ परीक्षार्थी खड़े दिखे। ये लोग परीक्षा केंद्र में प्रवेश देने की मांग कर रहे थे, लेकिन गेट बंद हो चुका था, इसलिए उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।
इन सेंटरों में आयोजित की गई परीक्षा
हैंडपंप टेक्नीशियन पद के लिए आयोजित परीक्षा जिन सेंटरों में आयोजित की गई, उनमें शासकीय जेपी वर्मा पीजी आर्ट्स एंड कॉमर्स कालेज जरहाभाठा, गवर्नमेंट बिलासा गर्ल्स पीजी कालेज लिंक रोड, देवकीनंदन दीक्षित कन्या हाई स्कूल, महारानी लक्ष्मी बाई गर्ल्स हायर सेंकेडरी स्कूल, स्वामी आत्मानंद गवर्नमेंट स्कूल, गवर्नमेंट हायर सेकंडेरी स्कूल राजेंदर नगर, हायर सेंकेंडरी स्कूल राजेंद्र नगर, सरकंडा स्कूल, पीएमश्री कन्या हाई स्कूल नूतन चौक, गवर्नमेंट स्कूल चांटीडीह स्कूल शामिल है।