दुर्ग ASP पर पानी-पाउच फेंकने पर लाठीचार्ज… छत्तीसगढ़ में नई कलेक्टर गाइडलाइंस की वजह से जमीन की कीमतें 5-9 गुना बढ़ गई हैं। पिछले 5 दिनों से कई जिलों में प्रदर्शन जारी है। इसी बीच सोमवार को दुर्ग में प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। जमीन व्यापारियों को सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान कई प्रदर्शनकारियों को भी चोटें आई हैं। वहीं पुलिस ने 8 व्यापारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। 5 जमीन व्यापारियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई, जबकि 3 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक व्यापारियों ने पुलिसकर्मियों पर झंडा और पानी के पाउच फेंके थे। एक पाउच एएसपी सुखनंदन राठौर पर भी गिरा। इसके बाद उन्होंने लाठीचार्ज शुरू किया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।
जमीन व्यापारी कन्हैया मिश्रा ने कहा कि जमीन ही व्यापारियों के लिए रोजी-रोटी का एकमात्र जरिया है। यही हमारा काम है। कई व्यापारी बुजुर्ग हैं। इस उम्र में वे न तो कोई नई नौकरी कर सकते हैं और न ही कोई दूसरा काम कर सकते हैं। लाठीचार्ज निंदनीय है। पुलिस ने इन व्यापारियों को किया अरेस्ट
दुर्ग पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन में शामिल राकेश यादव, अनिल वासनिक और विक्की चंद्राकर को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा अन्य व्यापारियों की भी तलाश की जा रही है। बताया जा रहा है कि इनके ऊपर आपराधिक मुकदमा दर्ज किया गया है।