छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में एक ज्वेलरी शॉप से लाखों रुपए की चोरी हुई है। 2 नकाबपोश लुटेरों ने व्यापारी को पिस्टल दिखाई और फिर सोने-चांदी के ज्वेलरी लूट लिए। इसका CCTV भी सामने आया है। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। वीडियो में 1 चोर दुकान मालिक पर बंदूक ताना हुआ है, दूसरा चोर सामान भरते नजर आ रहा है। वहीं, शॉप के सोफे में एक बच्ची भी लेटी हुई थी। जिसे चोरों ने कोई नुकसान नहीं पहुंचाया। वहीं, घटना के कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है। 1 आरोपी को पकड़ा, दूसरा भागा
जानकारी के मुताबिक, मुख्य शहर में स्थित दुर्गा ज्वेलरी शॉप में वारदात हुई है। गुरुवार (4 दिसंबर) की रात साढ़े 8 बजे अचानक 2 नकाबपोश युवक दुकान के अंदर घुस गए।
उन्होंने पिस्टल निकालकर सराफा व्यापारी पर तान दी। दूसरे युवक ने सारे आभूषण को अपने पास रखे एक बैग में डाल दिया। जिसके बाद दोनों मौके से फरार होने की कोशिश किए।
जैसे ही लुटेरे शॉप से बाहर भागे तो व्यापारी जोर-जोर से चिल्लाने लगा। जिसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उनका पीछा किया। दोनों आरोपी दौड़ने लगे।
लोगों की भीड़ ने भी दौड़ाकर एक एक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग गया था। जो भागा उसके पास पिस्टल थी। जिसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई बॉर्डर सील किया गया
सूचना के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी की गई। वहीं देर रात दूसरे युवक को भी पुलिस ने पकड़ लिया है। जिस युवक को लोगों ने पकड़ा था उसे भी पुलिस के सुपुर्द किया गया।
बताया जा रहा है कि दोनों युवक मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं। सुकमा SP किरण चव्हाण भी वारदात वाली जगह पहुंचे थे। आज पुलिस कर सकती है खुलासा
वहीं SP आज प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा कर सकते हैं। शहर के बीच जिस ज्वेलरी शॉप पर वारदात हुई है, उसके ठीक सामने पुराना SP ऑफिस है। इसी परिसर में SDOP बैठते हैं, सायबर और नक्सल सेल है, जबकि करीब 50 मीटर की दूसरी पर अजाक थाना भी है।