राजधानी रायपुर में बेटे ने पिता की हंसिया से वार कर हत्या कर दी है। आरोपी की पहचान राहुल साहू के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, बाइक खरीदने को लेकर पिता संतोष साहू नाराज था और उसने बाइक में तोड़फोड़ की थी। पिता बेटे से अक्सर शराब पीने के लिए पैसों की मांग करता था। पैसा न देने और सेकंड हैंड बाइक खरीदने को लेकर दोनों में विवाद हुआ था। गुस्से में आकर बेटे ने पिता के पीठ, सीने और पेट पर हसिया से हमला कर दिया। जिससे पिता की अस्पताल में मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है। घटना गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र की है। पत्नी और बेटी पहले ही अलग रहते थे
नवापारा थाना प्रभारी दीपेश जायसवाल के मुताबिक मृतक की शराब पीने की आदत से परेशान होकर उसकी पत्नी और बेटी अलग रहते थे। पहले बेटा भी उनके साथ भिलाई में रहता था। लेकिन पिता ने बेटे को वापस अपने पास बुला लिया था। मृतक रोजी मजदूरी का काम करता था। वहीं बेटा वेल्डिंग का काम करता है।