छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में गर्लफ्रेंड की शादी से दुखी होकर बॉयफ्रेंड ने सुसाइड कर लिया। नयागंज कोष्टापारा के रहने वाले अभिषेक देवांगन (30 साल) का एक युवती से लंबे समय से अफेयर था। 4 दिन पहले ही प्रेमिका ने शादी की थी। 25 दिसंबर को युवक ने फंदे पर लटककर जान दे दी। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। परिजनों ने थाने में शिकायत कर प्रेमिका के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। गर्लफ्रेंड की दूसरी शादी से दुखी था
थाने में दर्ज शिकायत के मुताबिक, अभिषेक का कोतरा रोड की रहने वाली युवती से लंबे से समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब उसे पता चला कि युवती ने किसी दूसरे युवक से शादी कर ली है, तो वह काफी दुखी था।
गुरुवार (25 दिसंबर) की रात अभिषेक देवांगन ने अपने घर के एक कमरे में फांसी लगा ली। जिसके बाद मृतक के परिजन सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और मामले में जांच की मांग की है।
परिजनों ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर मामले की पूरी जानकारी देकर मौखिक रूप से युवती खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। थाने में मामला दर्ज होने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम हुआ और उसके परिजनों ने अंतिम संस्कार किया।
दुखी होकर ऐसा कदम उठा लिया
मृतक युवक के छोटे भाई पारस देवांगन ने बताया कि उसका बड़ा भाई अभिषेक देवांगन एक लड़की के साथ लंबे समय तक रिलेशन में था। इस दौरान उसके बड़े भाई को यह जानकारी नहीं थी कि उस युवती को कोई दूसरा भी प्रेमी है।
कुछ दिन पहले युवती ने उसके भाई से बातचीत बंद कर दी थी और दूसरे युवक के साथ शादी कर ली। जिससे दुखी होकर उसने ऐसा कदम उठाया। दोषी पर कड़ी कार्रवाई की मांग
मृतक के पिता संजय कुमार देवांगन ने बताया कि, अभिषेक का युवती के साथ अफेयर था। युवती ने उसे धोखा दिया और बाद में दूसरे लड़के से शादी कर ली। ऐसे में अभिषेक ने तनाव में आकर आत्महत्या की।
मामले में कोतवाली पुलिस को मौखिक जानकारी दी गई और दोषी पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। जहां थाना प्रभारी ने पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही है।