रामानुजगंज के राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक गड्ढे में बाइक फिसलने से ग्राम देवगई निवासी जय सिंह (36 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना आज दोपहर करीब 1 बजे हुई, जब जय सिंह रामानुजगंज से अपने घर लौट रहे थे। बाइक अनियंत्रित होकर फिसली, युवक घायल
प्रत्यक्षदर्शी सुरेंद्र गुप्ता और अन्य स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और घायल जय सिंह को रामानुजगंज के 100 बिस्तर अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
नवनिर्माण के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर गड्ढे, बढ़ रहे हादसे
यह राष्ट्रीय राजमार्ग वर्तमान में नवनिर्माण के अधीन है। इसके बावजूद, मार्ग पर कई स्थानों पर गड्ढे बने हुए हैं, जो लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि सड़क को आवागमन योग्य बनाए रखने के लिए निर्माण से पहले सरकार द्वारा लगभग 10 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई थी।
नागरिकों ने आरोप लगाया है कि स्वीकृत राशि का उचित उपयोग नहीं किया गया, बल्कि केवल औपचारिकता पूरी की गई। उनका कहना है कि मरम्मत के नाम पर खानापूर्ति की गई, जिससे सड़क की वास्तविक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ और गड्ढे जस के तस बने रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से राष्ट्रीय राजमार्ग की तत्काल मरम्मत करने और गड्ढों को भरने की मांग की है। उनका उद्देश्य भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं को रोकना और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।