छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के उमरगांव में महिलाओं ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के उमरगांव में महिलाओं ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया है। इस दौरान कई घरों से अवैध महुआ शराब बनाने की सामग्री जब्त कर नष्ट कर दी गई। गांव के जागरूक महिला-पुरुषों ने एकजुट होकर नशा मुक्ति को लेकर चेतावनी अभियान चलाया। उन्होंने उन घरों तक पहुंचकर जहां अवैध महुआ लहान (कच्ची शराब बनाने की सामग्री) रखी थी, उसे बाहर निकाला और मौके पर ही नष्ट कर दिया। अवैध शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को भी तोड़ दिया गया।

 

इस अभियान में गांव की महिलाओं ने अग्रणी भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि नशे के कारण होने वाली घरेलू हिंसा, आर्थिक तंगी और सामाजिक पतन के साथ-साथ बच्चों में बढ़ती नशाखोरी के खिलाफ यह कदम उठाना आवश्यक था। बैठक में लिया गया था फैसला

 

महिलाओं ने जानकारी दी कि कुछ दिन पहले हुई आमसभा की बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया था कि गांव में शराब और गांजा की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। यह भी तय हुआ कि जो भी इस सामाजिक बुराई को बढ़ावा देगा, उसके खिलाफ ग्राम स्तर पर सामूहिक कार्रवाई की जाएगी।

 

ग्रामीणों का मानना है कि नशा युवाओं को गलत राह पर ले जाकर पूरे समाज को खोखला कर रहा है, जिसे अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उमरगांव की यह पहल अब आसपास के गांवों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

 

नगरी एसडीओपी विपिन रंगारी ने इस नेक कार्य के लिए पूरे गांव के लोगों को धन्यवाद दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।

Exit mobile version