
इस बीच मौसम विभाग ने आज (17 जनवरी) उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के 14 जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई है। अगले दो दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की उम्मीद है। ठंड का असर धीरे-धीरे कम होगा और न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज किया गया।
सिनोप्टिक सिस्टम के बढ़ाई ठंड
पिछले दिनों वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण छत्तीसगढ़ में ठंड बढ़ी थी। ये पश्चिमी विक्षोभ हिमालय और उत्तर भारत से ठंडी हवाओं को नीचे की ओर धकेलता है। वहीं तेज जेट स्ट्रीम इन हवाओं को तेजी से मध्य भारत की तरफ आगे बढ़ा देती है, नतीजा यह होता है कि उत्तर भारत की ठंड छत्तीसगढ़ तक पहुंचने लगती है।
इसी वजह से रात का तापमान तेजी से गिरता है। सुबह-शाम ठंड ज्यादा महसूस होती है, कुछ इलाकों में शीतलहर की स्थिति बन जाती है। उदाहरण के साथ समझाया जाए तो मान लीजिए जैसे फ्रिज का दरवाजा खुला रह जाए और पंखा चलने लगे तो ठंडी हवा दूर तक फैल जाती है।
यहां पश्चिमी विक्षोभ फ्रिज है और जेट स्ट्रीम पंखा, जो ठंडी हवा को छत्तीसगढ़ तक पहुंचा रहा है।