जशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की

Chhattisgarh Crimesजशपुर पुलिस ने गौ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शंखनाद’ अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई की है। दुलदुला थाना क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान पुलिस ने तस्करों के चंगुल से 10 गौवंशों को मुक्त कराया। इस दौरान तस्कर पुलिस वाहन को टक्कर मारकर फरार हो गए, जबकि तस्करी में पिकअप जब्त कर लिया गया है।

दरअसल, 15 जनवरी की रात करीब 1:30 बजे दुलदुला पुलिस की टीम रात्रि गश्त पर थी। तभी सूचना मिली कि एक संदिग्ध में गोवंश भरकर कुनकुरी से दुलदुला होते हुए खूंटी टोली के रास्ते झारखंड ले जाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही दुलदुला पुलिस आसनबहार-खूंटी टोली मार्ग पर नाकाबंदी कर दी।

तेज रफ्तार पिकअप देख पुलिस ने किया रोकने का प्रयास

कुछ देर बाद कुनकुरी की ओर से एक सफेद रंग का पिकअप तेज रफ्तार में आता दिखा। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और पुलिस की गाड़ी को टक्कर मारकर भागने लगा। पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन का पीछा किया।

खुद को घिरा देख खेत में वाहन छोड़कर फरार हुए तस्कर

खुद को घिरा देखकर गौ तस्कर कुछ दूरी पर पिकअप को खेत में उतारकर 10 गौवंशों सहित वाहन छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि पिकअप में 10 गौवंशों को रस्सियों से बांधकर भरा गया था और उन्हें छिपाने के लिए ऊपर से प्लास्टिक का त्रिपाल डाला गया था।

पिकअप में रस्सियों से बंधे मिले 10 गोवंश

पुलिस ने सभी गौवंशों को सुरक्षित बाहर निकाला और पशु चिकित्सक से उनका स्वास्थ्य परीक्षण कराया। तस्करी में प्रयुक्त पिकअप (JH-03-AR-5441) को मौके से जब्त कर लिया गया है। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है।

गौ तस्करी अधिनियम के तहत मामला दर्ज

इस मामले में पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6 और 10 के तहत केस दर्ज किया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि 10 गौवंशों को मुक्त कराते हुए एक पिकअप जब्त किया गया है। फरार तस्करों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि गौ तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन शंखनाद आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा।