छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर ओरसा घाट में स्कूल बस पलटने से 9 लोगों की मौत हो गई और 78 लोग घायल हुए। इनमें से 20 से अधिक की हालत गंभीर

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर ओरसा घाट में स्कूल बस पलटने से 9 लोगों की मौत हो गई और 78 लोग घायल हुए। इनमें से 20 से अधिक की हालत गंभीर है। मृतकों में 5 महिलाएं और 4 पुरुष शामिल हैं।गंभीर रूप से घायलों को गुमला और रांची के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसा रविवार दोपहर झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र में हुआ।

जानकारी के अनुसार हादसा छत्तीसगढ़ सीमा से लगभग 7 किलोमीटर दूर हुआ है। इसमें 86 लोग सवार थे, जो बलरामपुर जिले के ग्राम पीपरसोत, महाराजगंज, झपरा और बुद्धीडीह से सगाई समारोह में शामिल होने के लिए ज्ञान गंगा पब्लिक स्कूल की बस में झारखंड के लोधफाल जा रहे थे।

जानिए हादसा कैसे और कहां हुआ ?

बस रविवार दोपहर के समय ओरसा बंगलादारा घाटी में पहुंची थी, तभी ढलान में बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया। इस दौरान तेज रफ्तार बस पीडब्ल्यूडी के रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पेड़ से टकराकर करीब 20 फीट नीचे जाकर सड़क पर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि 4 लोगों ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

बस का ब्रेक हो गया था फेल, नहीं हुई कंट्रोल

वहीं बस ड्राइवर विकास पाठक ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही ब्रेक नहीं लगने का अहसास हुआ। स्थिति को संभालने के लिए हैंड ब्रेक का उपयोग किया। इसके बाद इंजन भी बंद कर दिया, लेकिन ढलान होने के कारण बस बेकाबू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसा इतना गंभीर था कि कई यात्री बस के अंदर सीटों और लोहे के ढांचे के बीच फंस गए, जबकि कुछ यात्री उछलकर सड़क किनारे जा गिरे। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। सूचना मिलते ही महुआडांड़ पुलिस मौके पर पहुंची।

गंभीर रूप से घायलों को गुमला, लातेहार हॉस्पिटलों में भर्ती किया गया है। गुमला अस्पताल में दो पुरुष और लातेहार सदर अस्पताल में एक महिला ने दम तोड़ दिया। कुछ घायलों को अंबिकापुर और रांची लाया गया। 20 से अधिक घायलों को देर रात तक रेफर कर दिया गया।

Exit mobile version