छत्तीसगढ़ के धमतरी में देर रात सड़क किनारे दो तेंदुए देखे गए। सीतानदी अभ्यारण्य के पास एक नर और एक मादा तेंदुए को एक साथ विचरण करते हुए देखा गया। वन विभाग की टीम ने इनकी तस्वीरें अपने कैमरे में कैद कीं।
यह घटना तब हुई जब सीतानदी अभ्यारण्य की एसडीओ टीम देर रात जंगल में निरीक्षण पर निकली थी। उदंती सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्य प्राणियों का जंगल से बाहर विचरण करना आम है, जिसके चलते वन विभाग नियमित रूप से निरीक्षण करता रहता है।
ग्रामीणों को किया गया सतर्क
उदंती सीता नदी टाइगर रिजर्व के डीएफओ वरुण जैन ने घटना की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि रविवार देर रात्रि एसडीओ अपनी टीम के साथ सीता नदी अभ्यारण्य की ओर निरीक्षण के लिए निकले थे, तभी जंगल के किनारे ये दोनों तेंदुए नजर आए।
डीएफओ जैन ने स्पष्ट किया कि देखे गए दोनों तेंदुए नर और मादा थे, जो एक साथ विचरण कर रहे थे। आसपास के ग्रामीणों को तेंदुओं के विचरण को लेकर सतर्क कर दिया गया है।
क्षेत्र में 200 कैमरे लगाए जाएंगे
डीएफओ वरुण जैन ने यह भी जानकारी दी कि क्षेत्र में नए बाघ के पगचिह्न और मल भी मिले हैं। हालांकि, कैमरे में तस्वीर आने तक इसकी पुष्टि नहीं की जा सकती। उन्होंने बताया कि एक सप्ताह के भीतर बाघ की तस्वीर प्राप्त करने के लिए 200 कैमरे लगाए जाएंगे।