
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 7 बजे तपकरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। इसमें बताया गया कि ग्राम जामबहार निवासी मनोज एक्का (28 वर्ष) के घर में भारी मात्रा में धान की बोरियां रखी हुई हैं, जो उसके खेती के रकबे से कहीं अधिक है। आशंका थी कि यह धान कहीं और से अवैध रूप से लाकर डंप किया गया है, जिसे उपार्जन केंद्र में खपाने की तैयारी थी।
मुखबिर की सूचना पर प्रशासन-पुलिस ने की छापेमारी
सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों और जिला प्रशासन को अवगत कराया। इसके बाद नायब तहसीलदार फरसाबहार शोभनाथ सिंह के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम और पुलिस बल ग्राम जामबहार पहुंचा। टीम ने संदिग्ध मनोज एक्का के घर की तलाशी ली। जांच के दौरान पाया गया कि उसके पास घोषित खेती रकबे से अतिरिक्त 40 क्विंटल धान मौजूद था।
घर से मिला अतिरिक्त धान
जब मनोज एक्का से धान से संबंधित वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया, तो वह कोई भी कागजात नहीं दिखा सका। इस पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से संग्रहित 40 क्विंटल धान को मौके पर ही जब्त कर लिया। मामले में आगे की वैधानिक प्रक्रिया की जा रही है।