छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सोमवार को ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) और पुलिस ने 4.75 करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में सोमवार को ANTF (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) और पुलिस ने 4.75 करोड़ रुपए का गांजा जब्त किया है। जिसे ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था। पुलिस ने 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामला कोमाखान थाना क्षेत्र का है। तस्कर महाराष्ट्र पासिंग ट्रक में गांजा लोड कर जालना ले जा रहे थे। चेकिंग में तस्करों के कब्जे से बोरियों में 950 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 75 लाख रुपए बताई जा रही है। पकड़े गए 2 आरोपी जालना के ही रहने वाले हैं।

 

वहीं, 12 दिन पहले ही महासमुंद पुलिस ने एम्बुलेंस से 5 क्विंटल 20 किलो गांजा जब्त किया था। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपए आंकी गई थी। गांजे को तस्कर ओडिशा के भवानीपटना जिले से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र के नागपुर ले जा रहे थे। ओडिशा से महाराष्ट्र जा रही थी गांजा की खेप

 

दरअसल, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और कोमाखान थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में भारी मात्रा में गांजा लोड है, जो ओडिशा से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र के जालना जा रहा है। ट्रक में दो लोग सवार बताए गए थे। सूचना मिलते ही ANTF और कोमाखान पुलिस अलर्ट हो गई।

 

पुलिस टीम ने ओडिशा-छत्तीसगढ़ बॉर्डर पर चेकिंग प्वाइंट बनाकर वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान एक ट्रक (MH 20 EG 3969) चेकिंग प्वाइंट की ओर आता दिखाई दिया, जिसे पुलिसकर्मियों ने रोक लिया।

 

पूछताछ के दौरान ट्रक सवार युवकों ने अपना नाम अक्षय भोरजे (26) और शुभम आउटे (24) बताया। दोनों महाराष्ट्र के जालना जिले के निवासी हैं। शक के आधार पर जब ट्रक की तलाशी ली गई, तो बोरियों में गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक सहित गांजा जब्त कर लिया। जब्त किए गए ट्रक की कीमत लगभग 15 लाख रुपए आंकी गई है। इसके अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से दो मोबाइल फोन और 4050 रुपये कैश भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। 12 दिन पहले 2 करोड़ 60 लाख का गांजा पकड़ाया

 

इससे पहले कोमाखान थाना क्षेत्र के टेमरीनाका चेकिंग प्वाइंट पर पुलिस ने एम्बुलेंस से 5 क्विंटल 20 किलो गांजा जब्त किया था। जब्त गांजे की कीमत 2 करोड़ 60 लाख रुपए आंकी गई। गांजे को तस्कर ओडिशा के भवानीपटना जिले से छत्तीसगढ़ के रास्ते महाराष्ट्र के नागपुर ले जा रहे थे।

 

तस्करों ने एम्बुलेंस में सीट के नीचे चैंबर बनाकर गांजा छिपाया था। इसके अलावा दवाइयों के कार्टून में भी गांजा रखा था। आरोपियों ने महाराष्ट्र पासिंग एम्बुलेंस पर ओडिशा की फर्जी नंबर प्लेट (OD 02 AX 5501) का इस्तेमाल किया था। पकड़े गए तीनों आरोपी महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।