मुंगेली में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्ट कुन्दन कुमार ने अलग-अलग धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया

Chhattisgarh Crimesमुंगेली में धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से कलेक्ट कुन्दन कुमार ने अलग-अलग धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर गुरुवाइन डबरी खरीदी केंद्र पहुंचे और कुल धान खरीदी, रकबा समर्पण और धान के भौतिक सत्यापन के संबंध में जानकारी ली। बिना जीपीएस युक्त वाहनों से धान परिवहन की शिकायत मिलने पर उन्होंने आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि केवल जीपीएस युक्त अधिकृत वाहनों से ही धान का परिवहन किया जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। रकबा समर्पण में धीमी प्रगति पर कलेक्टर ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की।

धान खरीदी से संबंधित संतोषजनक जवाब नहीं देने पर लालपुर तहसीलदार एमपी कौशिक, नायब तहसीलदार प्रकाश यादव और आरएईओ नेहा ध्रुव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि किसानों की वास्तविक उपज की पूर्ण रूप से खरीदी सुनिश्चित की जाए और शेष बचे रकबे के दुरुपयोग को रोकने के लिए किसानों से सहमति लेकर रकबा समर्पण कराया जाए

शिकायतों पर कलेक्टर का सख्त रुख

इसके बाद कलेक्टर ने धान खरीदी केंद्र खुड़िया का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने भौतिक सत्यापन और डीओ कटने की स्थिति की समीक्षा की। हमाली के नाम पर किसानों से राशि लेने की शिकायत पर केंद्र प्रभारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

कोचियों-बिचौलियों पर रोक

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कोचियों और बिचौलियों का धान किसी भी स्थिति में न खरीदा जाए। उन्होंने संदिग्ध केंद्रों में भौतिक सत्यापन कराने, उठाव में तेजी लाने, बिना गेट पास के वाहनों का परिवहन रोकने और सीसीटीवी से विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।

बच्चों की शिक्षा के लिए धान विक्रय की सराहना

कलेक्टर ने वहां धान विक्रय करने आए किसान जोगीराम से चर्चा कर केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। किसान जोगीराम ने बताया कि धान विक्रय से प्राप्त लगभग 9 लाख रुपए की आय से वे अपने बच्चों को इंजीनियरिंग की शिक्षा दिला रहे हैं। कलेक्टर ने किसान की सराहना करते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया।