
सिविल लाइन पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लाभांडी निवासी शिव कुमार वर्मा (70) ने बताया कि उनकी पंडरी स्थित “लब-डब” नाम से कपड़े की दुकान है। 31 जनवरी की रात करीब 10 बजे वे दुकान बंद कर घर चले गए थे।
1 फरवरी की सुबह करीब 10 बजे जब उन्होंने दुकान खोली तो देखा कि गल्ले का दराज खुला हुआ था और उसमें रखी बिक्री की रकम करीब 2 लाख 75 हजार रुपए गायब थी। जांच करने पर पता चला कि चोर छप्पर की टिन शेड तोड़कर दुकान के भीतर घुसे थे। नोवा फर्नीचर और डिजाइनर सेनिटेशन और हार्डवेयर दुकान में चोरी
इसी तरह पास ही स्थित “नोवा फर्नीचर” दुकान के छप्पर को तोड़कर चोरों ने गल्ले में रखे करीब 1 लाख 40 हजार रुपए चोरी कर लिए। वहीं तीसरी वारदात “डिजाइनर सेनिटेशन और हार्डवेयर” दुकान में हुई, जहां छप्पर तोड़कर घुसे चोर करीब 2 लाख 85 हजार रुपए नकद ले उड़े। तीनों दुकानों से कुल करीब 7 लाख रुपए की नकदी चोरी होने की बात सामने आई है। मुंह में कपड़ा बांधकर घुसे थे चोर
पीड़ित कारोबारियों की शिकायत पर पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की। कैमरों की रिकॉर्डिंग में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी मुंह में कपड़ा बांधकर दुकानों में घुसे, वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गए। पुलिस ने दुकान संचालकों के साथ ही दुकानों में काम करने वाले कर्मचारियों के भी बयान दर्ज किए हैं। अब पढ़े पुलिस ने क्या कहा
पुलिस उपायुक्त मयंक गुर्जर ने दैनिक भास्कर को बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद कारोबारियों की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।