
पूरन मेश्राम/मैनपुर।विकासखंड मुख्यालय मैनपुर राजापडा़व क्षेत्र के ग्राम पंचायत अडगड़ी के आश्रित ग्राम कोसुममुडा़ मे जल जीवन मिशन के अंतर्गत लगाये गये सोलर ड्यूल पंप एवं बोर में खराबी आ जाने के कारण नलों से पानी बिल्कुल भी नहीं निकल पा रहा है। जिसके कारण महीना भर से ग्रामीण पीने के पानी के लिए खेतखार में लगे बोर एवं कुआं से लाने मजबूर हो रहे हैं। अंततः सालों से बंद पड़े हैंडपंप बोरिंग को फिलहाल तीन दिन पहले पीएचई विभाग के हेल्परों से पूर्व सरपंच कृष्ण कुमार नेताम के द्वारा फोन करने पर आकर लगातार दो दिन के मेहनत के बाद बनाया गया तब कहीं ग्रामीणों को थोड़ा राहत मिल पाई है। ज्ञात हो कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत हर घर नल कनेक्शन देकर रहवासियों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 2020-21 में सोलर ड्यूल पंप का स्थापना किया गया है। जहां से 22 घरों में पानी पहुंँचाई जा रही है। लेकिन उनके बिगड़ जाने के कारण ग्रामीणों को पानी के लिए तरसना पड़ रहा है। इस संबंध में क्रेडा विभाग के जिम्मेदार अधिकारी से फोन पर बात करने पर बहुत जल्द मरम्मत कराने की बात कही गई है। वही गांँव के ग्राम पटेल कबिलास सोरी,पंच प्रतिनिधि मोहन मरकाम, चंद्रशेखर नेताम,प्यारी लाल मरकाम,ललित कुमार नेताम,गेंदलाल नेताम,लोधी राम मरकाम,जगत राम मरकाम,सगारो बाई नेताम, रुक्मिणी बाई सोरी,सुकारो बाई नेताम,इंदिरा बाई मरकाम ने जिला के कलेक्टर एवं क्रेड़ा विभाग के जिला अधिकारी से बंद पड़े सोलर ड्यूल पंप एवं बोर का मरम्मत कराने का मांग किया है।