सूरजपुर जिले के रामनगर में मोहरा एनिकट में रविवार को नहाने के लिए उतरे दो नाबालिग छात्र गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलने के बाद एसडीआरएफ टीम और स्थानीय गोताखोरों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। देर शाम तक दोनों का पता नहीं चल सका। रविवार सुबह दोनों छात्रों का शव बरामद कर लिया गया है। घटना विश्रामपुर थाना क्षेत्र की है।जानकारी के मुताबिक, रविवार दोपहर को शिवनंदनपुर निवासी आदिल अंसारी (12) और जयनगर कुंजनगर निवासी अयान सद्दाम (15) अपने 5-6 हमउम्र दोस्तों के साथ घूमने के लिए रामनगर मोहरा एनीकट गए थे। आदिल और अयान नहाने के लिए डेम में उतर गए।
देखते ही देखते वे गहरे पानी में डूब गए। दोनों को डूबता देख साथियों ने शोर मचाया, तब तक दोनों गहरे पानी में समा गए। हादसे के समय अयान का भाई आवेश भी मौके पर मौजूद था। अन्य बच्चों ने घर जाकर परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। रविवार शाम तक लगातार तलाश की गई, लेकिन अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा। सोमवार सुबह फिर से अभियान शुरू किया गया और करीब तीन घंटे बाद दोनों शव बरामद कर लिए गए। शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
घूमने के बहाने निकले थे छात्र
मृतक अयान सद्दाम कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल में कक्षा 9वीं का छात्र था। वहीं आदिल अपने नाना-नानी के घर मनेंद्रगढ़ में रहकर मदरसे में पढ़ाई करता था। वह हाल ही में शब-ए-बारात पर्व के लिए अपने माता-पिता के पास शिवनंदनपुर आया हुआ था।
परिजनों ने बताया कि अयान रविवार दोपहर अपने पिता के साथ भोजन करने के बाद हेयर कटिंग कराने जा रहा हूं कहकर घर से निकला था। घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
मोहरा एनीकट में पहले भी कई बार डूबने की घटनाएं हो चुकी हैं। प्रशासन की ओर स इसे प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है, इसके बावजूद नाबालिग और युवक यहां नहाने पहुंच जाते हैं। एनीकट में पानी काफी गहरा होने के कारण हादसे लगातार हो रहे हैं।