
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मालगाड़ी से कटकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। हादसा शनिवार-रविवार मध्यरात्रि करीब 11 से 12 बजे के बीच का बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही रात करीब 1 बजे बालोद कोतवाली थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल बालोद की मर्च्युरी में रखवाया। टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है। देर रात रेलवे के माध्यम से थाने को व्यक्ति के ट्रेन से कटने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक मालगाड़ी से टकराया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना भैंसबोड़ स्टेशन और रानीतराई के बीच की बताई जा रही है। हादसे के बाद आसपास के गांवों के कोटवारों को सूचना दे दी गई है, ताकि मृतक की पहचान हो सके। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की जानकारी मिलते ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।