रायपुर में एक युवती के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesरायपुर में एक युवती के अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर 5 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती की मां को बीच सड़क में रोका और पैसे नहीं देने पर पति को चाकू मारने और बेटी को घर से उठाने की धमकी दी है। पीड़िता की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला टैगोर नगर इलाके का है। निजी अपार्टमेंट में रहने वाली पीड़िता ने पुलिस को बताया, कि 5 मार्च की रात करीब 10 बजे वह पुजारी पार्क के पीछे अपने पालतू कुत्ते को घुमाने गई थीं। इसी दौरान बैजनाथपारा निवासी हार्दिक जैन उनके पास आया और धमकी देने लगा। आरोप है कि हार्दिक जैन ने पीड़िता को धमकी दी, कि उनकी बेटी के अश्लील फोटो और वीडियो हैं। यदि परिवार की भलाई चाहती हो तो 5 लाख रुपए दे दो, नहीं तो वह इन फोटो-वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर देगा।

 

अचानक मिली इस धमकी से महिला घबरा गईं। उन्होंने उससे सवाल किया तो आसपास कुछ लोग आ गए, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग गया। महिला के अनुसार अगले दिन 6 मार्च को दोपहर करीब 4 बजे आरोपी ने उनके मोबाइल पर फोन कर फिर धमकी दी। उसने कहा कि अगर पैसे नहीं दिए तो वह उनके पति को चाकू मार देगा और उनकी बेटी को उठाकर ले जाएगा।

 

लगातार मिल रही धमकियों से महिला और उनका परिवार काफी डरा हुआ है। इसके बाद उन्होंने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत दी।

 

अब पढ़े पुलिस अधिकारियों ने क्या कहा

 

कोतवाली निरीक्षक सतीश ठाकुर ने बताया, कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करके जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।