रायपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में एक महिला समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 6.140 किलोग्राम गांजा और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा वाहन जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 3.57 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार महिला की पहचान माधुरी जैन उर्फ डॉली (37) के रूप में हुई है, जो खमतराई थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर उदय जैन की पत्नी है। उदय जैन पहले से ही नारकोटिक एक्ट के एक मामले में जेल में बंद है। वहीं दूसरे आरोपी का नाम कृष्ण साहू (18) है, जो रायपुर के सन्यासी पारा इलाके का रहने वाला है। पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (मध्य) उमेश प्रसाद गुप्ता की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और तेलीबांधा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मुखबिर से मिली थी सूचना
दरअसल, 7 मार्च को पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला और एक युवक एक्टिवा से आरंग की ओर से रायपुर आ रहे हैं और उनके पास बैग में गांजा है।
सूचना के आधार पर टीम ने आरंग-रायपुर रिंग रोड स्थित एक कार शोरूम के पास नाकेबंदी कर दी। कुछ देर बाद मुखबिर के बताए हुलिए के अनुसार एक्टिवा आती दिखाई दी। पुलिस ने वाहन रोकने का इशारा किया तो चालक ने तेज गति से भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके बैग से 6.140 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने गांजा और एक्टिवा (सीजी-04-एनवाई-9483) जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
सिंडिकेट के अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार महिला गांजा कहां से लाई? उसके सिंडकेट में कौन-कौन है? इसका पता लगाया जा रहा है। सिंडिकेट से जुड़े सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।