छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला संबंधी अपराधों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए पुलिस ने नई पहल की

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में महिला संबंधी अपराधों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए पुलिस ने नई पहल की है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए अब जिले में ‘हेलो सिस्टर’ टीम का गठन किया गया है। इस टीम में महिला पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है, जो 24 घंटे अलर्ट रहेंगी। किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर टीम तुरंत पीड़ित महिला को सहायता उपलब्ध कराएगी। जिले में पहली बार इस तरह की विशेष टीम बनाई गई है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर एसएसपी शशि मोहन सिंह ने टीम के गठन की घोषणा की। महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस विशेष टीम का गठन किया गया है। टीम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी।

 

जिले के किसी भी हिस्से से पीड़ित महिला हेलो सिस्टर टीम के हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेगी। कॉल मिलने के बाद टीम तुरंत पीड़ित महिला से संपर्क करेगी और जरूरी मदद उपलब्ध कराएगी। इस टीम में डीएसपी उन्नति ठाकुर के साथ महिला थाना प्रभारी, एएसआई, महिला हेड कांस्टेबल, कांस्टेबल, पुरुष एसआई सहित करीब 12 से 14 पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है। शहरी क्षेत्र से सूचना मिलने पर टीम तुरंत मौके पर पहुंचेगी। ग्रामीण क्षेत्र में सूचना मिलने पर संबंधित थाना की मदद से पीड़ित महिला या बच्ची को सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

 

हेल्पलाइन नंबर जारी

 

टीम के गठन के साथ ही एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। हेलो सिस्टर टीम का हेल्पलाइन नंबर 94792 70533 रखा गया है, जो 24 घंटे सक्रिय रहेगा। महिलाओं और बच्चियों से जुड़े अपराधों की रोकथाम के लिए महिला थाना के साथ अब हेलो सिस्टर टीम भी काम करेगी।

 

SSP बोले- महिलाओं की सुरक्षा प्राथमिकता

 

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि महिलाओं और बच्चियों से जुड़े अपराधों को ध्यान में रखते हुए नई एक्सक्लूसिव हेलो सिस्टर टीम बनाई गई है। इस टीम का नेतृत्व डीएसपी उन्नति ठाकुर करेंगी। साथ ही लोगों की सुविधा के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता मिल सके।