रायपुर के आमानाका ओवरब्रिज के नीचे बनाई गई नई चौपाटी शुरू होने से पहले ही विवादों में घिर गई है। यहां खुलेआम अवैध तरीके से शराब बेचने का आरोप है। कांग्रेस ने वीडियो जारी किया है, जिसमें कुछ युवक बोरी में भरकर शराब बेचते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा कई लोग वहां आकर शराब खरीदते भी दिखाई दे रहे हैं। जिन दुकानों में चौपाटी शुरू होनी थी, उन्हीं में अवैध तरीके से शराब बेचे जाने का आरोप है। कांग्रेस ने वीडियो जारी कर निगम प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
कांग्रेस का कहना है कि चौपाटी असामाजिक तत्वों का डेरा बन चुका है। अवैध शराब बिक्री पर रोक लगाए जाए और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। हंगामे के बीच हुई थी चौपाटी की शिफ्टिंग
एनआईटी चौपाटी को 21 नवंबर 2025 को भारी हंगामे के बीच आमानाका शिफ्ट किया गया था। उस दिन कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बुलडोजर के सामने बैठकर विरोध किया था। पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई थी।
इस दौरान कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर सेंट्रल जेल भेजा गया था। विवादों के बीच पुरानी जगह से दुकानों को हटा दिया गया, लेकिन नई जगह अब तक पूरी तरह तैयार नहीं हो सकी है। अधूरी व्यवस्था के कारण दुकानदारों में नाराजगी भी देखी जा रही है।
विपक्ष का आरोप- मनमाना फैसला
कांग्रेस शुरू से इस फैसले को मनमाना और राजनीतिक दबाव में लिया गया कदम बता रही है। कुछ दिन पहले विवाद तब और बढ़ गया, जब युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विधायक राजेश मूणत के पोस्टर पर कालिख पोत दी थी।
पोस्टर कांड के बाद दर्ज हुई FIR
इस घटना के बाद पुलिस ने युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ताओं पर FIR दर्ज की। विरोध में युवा कांग्रेस और NSUI ने सरस्वती नगर थाने का घेराव भी किया था उच्चस्तरीय जांच की मांग
विपक्ष ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जिन अधिकारियों ने पहले चौपाटी को अनुमति दी और बाद में उसे अवैध बताया, उन पर कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस का आरोप है कि राजनीतिक दबाव में फैसले बदले गए।
10 करोड़ की चौपाटी बना सियासी मुद्दा
एनआईटी चौपाटी के विकास पर करीब 10 करोड़ रुपए खर्च किए गए थे। सरकार बदलने के बाद भाजपा सरकार ने यहां नालंदा-2 विकसित करने का फैसला लिया। नवंबर 2025 में इसका टेंडर भी पूरा हो गया। इसके बाद मामला प्रशासनिक फैसले से निकलकर बड़ा सियासी मुद्दा बन गया।
कांग्रेस बोली- विधायक की जिद में तोड़ी गई चौपाटी
कांग्रेस प्रवक्ता धनंजय ठाकुर ने कहा कि भाजपा विधायक के जिद के चलते ट्रिपल इंजन के सरकार ने साइंस कॉलेज के चौपाटी को तोड़ दिया। जो कारोबार करते थे, उन्हें बेरोजगार कर दिया गया। उन्हें आश्वस्त किया गया था कि उनके लिए चौपाटी बनाया जाएगा।