छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेलवे ट्रैक किनारे नाले के पास भट्ठी लगाकर महुआ शराब तैयार की जा रही थी

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेलवे ट्रैक किनारे नाले के पास भट्ठी लगाकर महुआ शराब तैयार की जा रही थी। पुलिस ने दबिश देकर नाले में गड्ढों में छिपाकर रखे 300 डिब्बों से करीब 6 टन महुआ लहान बरामद किया। जांच और पूछताछ के बाद भी कच्ची शराब बनाने वाले लोगों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने बरामद लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है। सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली कि शहर से लगे घुटकू इलाके में रेलवे लाइन पास बड़ी मात्रा में महुआ लहान छिपाकर रखा गया है। जहां कच्ची शराब बनाने की तैयारी चल रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान रेलवे ट्रैक किनारे नाले में बड़ी मात्रा में अवैध महुआ लहान मिला। जांच में पता चला कि लहान को 300 डिब्बों में भरकर सड़ाने के लिए गड्ढों में रखा गया था। इन डिब्बों को झाड़ियों के बीच छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने सभी डिब्बों को बाहर निकाला, जिनमें करीब 6000 किलो लहान मिला। आरोपियों का पता नहीं चला

 

कोनी थाना प्रभारी भावेश शेंडे की टीम ने आसपास के घरों की तलाशी ली, लेकिन कहीं भी शराब नहीं मिली। इलाके के लोगों से पूछताछ भी की गई, फिर भी लहान रखने वाले लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल सकी। अवैध शराब बनाने वालों को आर्थिक नुकसान

 

कार्रवाई के दौरान आबकारी विभाग की टीम भी मौजूद रही। लावारिस हालत में मिले लहान को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। आसपास मिली शराब बनाने की भट्ठियों को भी तोड़ दिया गया। इस कार्रवाई से अवैध शराब बनाने वाले कोचियों के सिंडिकेट को बड़ा आर्थिक नुकसान हुआ है। पुलिस अब भी संदिग्ध लोगों की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version