
राजा गैस एजेंसी की डिप्टी मैनेजर विद्या सोनी ने बताया कि शनिवार को 1233 सिलेंडरों की बुकिंग हुई। रविवार को बुकिंग बंद रही। सोमवार को भी 1200 से अधिक बुकिंग दर्ज हुई, जबकि पहले यह आंकड़ा औसतन 600 रहता था।
अन्य एजेंसियों में भी यही स्थिति है। औसत से दोगुनी बुकिंग के कारण डिलीवरी का समय 110 दिन से अधिक हो सकता है। माना जा रहा है कि यह स्थिति पैनिक बुकिंग के कारण बनी है। साथ ही ब्लैक में सिलेंडर बेचने की आशंका भी जताई जा रही है। अंबिकापुर में सिलेंडर 1800 रुपए तक में बिकने की जानकारी मिली है। लकड़ी चूल्हे और डीजल भट्ठे के सहारे होटल
कमर्शियल गैस की कमी का सीधा असर होटल व्यवसाय पर पड़ा है। होटलों में लकड़ी के चूल्हे और पुराने डीजल भट्ठों का सहारा लिया जा रहा है।
वेलकम होटल के संचालक उमेश जायसवाल ने बताया कि गैस की कमी के कारण मेन्यू कम कर दिया गया है। दोसा और रोटी जैसे आइटम हटा दिए गए हैं। सीमित मेन्यू के साथ भोजन परोसा जा रहा है, जिससे व्यवसाय प्रभावित हुआ है।
अनन्या होटल के संचालक कैलाश मिश्रा ने बताया कि गैस नहीं मिलने से लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाया जा रहा है। इस कारण मेन्यू सीमित करना पड़ा है। फिलहाल स्थिति सामान्य होती नहीं दिख रही है।
प्रशासन का दावा- पर्याप्त स्टॉक
जिला प्रशासन का दावा है कि गैस का पर्याप्त स्टॉक है और जरूरत के अनुसार सप्लाई हो रही है। कलेक्टर अजीत वसंत ने अपील की है कि पैनिक बुकिंग न करें। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस की स्थिति सामान्य है और अवैध भंडारण व व्यावसायिक उपयोग पर कार्रवाई की जा रही है।