छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में फिल्म ‘केडी: द डेविल’ के एक गाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। हाल ही में रिलीज सॉन्ग ‘सरके चुनर तेरी सरके’ के खिलाफ एक वकील ने आपत्ति जताई है। गाने में नोरा फतेही और संजय दत्त की प्रस्तुति को अश्लील बताते हुए FIR दर्ज करने की मांग की गई है। जानकारी के मुताबिक, अधिवक्ता अनुराग गुप्ता ने सिविल लाइन्स थाने पहुंचकर फिल्म के मेकर्स और कलाकारों के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। शिकायत में कहा गया है कि गाने के बोल और दृश्य अश्लील हैं और समाज के नैतिक मूल्यों के खिलाफ जाते हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गीत में डबल मीनिंग शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जो स्पष्ट रूप से यौन संकेत देते हैं। अधिवक्ता ने नोरा फतेही, संजय दत्त, रकीब आलम, अर्जुन जन्या समेत मेकर्स के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। विवादित गाने पर नोरा फतेही दे चुकी सफाई
विवाद बढ़ने के बाद नोरा फतेही ने बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि गाने को कन्नड़ में गलत ट्रांसलेशन के साथ शूट कराया गया था और बाद में बिना परमिशन हिंदी वर्जन बना दिया गया। मेकर्स पर लगाए आरोप
उन्होंने मेकर्स पर आरोप लगाया कि लिरिकल वीडियो को उनकी एआई इमेज के साथ बिना अनुमति रिलीज किया गया। एक्ट्रेस के अनुसार गाना अनुचित है, इसकी जानकारी उन्हें सॉन्ग लॉन्च के समय ही मिली। हिंदी गाना देखकर एक्ट्रेस खुद शॉक में थीं। सोशल मीडिया में किया पोस्ट
नोरा फतेही ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर कहा कि ‘मैं इस गाने से जुड़ी कंट्रोवर्सी पर डिस्कस करना चाहती हूं। इस वक्त में अपने करीबी की मौत के सदमे में हूं। मैं नेटवर्क में नहीं थी, जिससे मुझे पता नहीं चला कि क्या चल रहा है। आज मैं नेटवर्क में आई तो मुझे इसकी जानकारी मिली। मैं कुछ चीजें साफ करना चाहती हूं।’ नोरा फतेही ने कहा कि ‘मैंने ये गाना तीन साल पहले कन्नड़ में शूट किया था। जो एक अलग इंडस्ट्री का हिस्सा है, जिसे सैंडलवुड कहा जाता है। जब मैंने 3 साल पहले ये गाना शूट किया तो मैंने इसके लिए हां इसलिए कहा क्योंकि ये बड़ी फिल्म का हिस्सा था, जिसमें बड़े आइकन संजय दत्त थे। कौन उनके साथ काम करने से मना करता। वो एक रीमेक था, नायक नहीं खलनायक हूं में, जैसा कि मैंने सोचा। वो भी एक आइकॉनिक गाना था।’ गाने का हिंदी वर्जन यू-ट्यूब से हटा
फिल्म केडी: द डेविल के गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके को लेकर विवाद होने के बाद इसे यूट्यूब से हटा दिया गया है। गाने के लिरिक्स को लेकर उपजे विवाद के बाद फिल्म के मेकर्स ने यह फैसला लिया।
अब यूट्यूब पर गाने के लिंक को क्लिक करने पर वीडियो उपलब्ध नहीं है। यह वीडियो प्राइवेट है का मैसेज दिखाई दे रहा है। नोरा फतेही ने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से इस गाने के वीडियो को डिलीट कर दिया है।
हालांकि, यूट्यूबर से केवल हिंदी वर्जन को ही हटाया गया है। बाकी भाषाओं कन्नड़, तमिल, तेलुगू और मलयालम में इसे देखा जा सकता है।