भिलाई-3 के डबरा पारा से चरोदा की ओर जाने वाली तांदुला शाखा नहर में पानी छोड़े जाने के बाद रेलवे कॉलोनी में जलभराव हो गया

Chhattisgarh Crimesभिलाई-3 के डबरा पारा से चरोदा की ओर जाने वाली तांदुला शाखा नहर में पानी छोड़े जाने के बाद रेलवे कॉलोनी में जलभराव हो गया। नहर की सफाई नहीं होने और मरम्मत कार्य अधूरा रहने के कारण पानी सड़कों से होते हुए घरों में घुस गया। इससे करीब एक किलोमीटर क्षेत्र के निवासी परेशान हो गए। रहवासियों का कहना है कि तांदुला शाखा नहर में करीब 1 किलोमीटर तक जलकुंभी फैली हुई है। लंबे समय से नहर की सफाई नहीं की गई थी। इसके बावजूद जलसंसाधन विभाग ने बिना सफाई कराए ही नहर में पानी छोड़ दिया। इसी वजह से पानी का बहाव रुक गया और पानी बाहर फैलने लगा। घरों और सड़कों पर बह रहा नहर का पानी

 

बताया जा रहा है कि सिरसा अंडरब्रिज के पास रिपेयरिंग का काम अभी पूरा नहीं हुआ है। यहां से पानी को चरोदा की ओर जाने से रोक दिया गया है। पानी का रास्ता बंद होने के कारण नहर का पानी रेलवे कॉलोनी के पास से बाहर निकलकर सड़कों और घरों में भर गया।

 

लोगों का कहना है कि अगर पहले से नहर की सफाई कर दी जाती और रिपेयरिंग का काम पूरा होने के बाद पानी छोड़ा जाता तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। टंकियों के ओवरफ्लो का पानी जाता है नहर में

 

रेलवे कॉलोनी के पास भिलाई-3 स्टेशन के नजदीक पानी सप्लाई के लिए रेलवे की ओवरहेड टंकियां बनी हुई हैं। इन टंकियों से ओवरफ्लो होने वाला पानी नाली के जरिए नहर में जाता है। इसी कारण पुराने इंडियन ऑयल डिपो से गांधी नगर पुलिया तक नहर में हमेशा पानी भरा रहता है और जलकुंभी फैल जाती है।

 

रहवासियों ने मांग की है कि नहर की जल्द सफाई कराई जाए और पानी का सही रास्ता बनाया जाए, ताकि आगे ऐसी समस्या दोबारा न हो।