बलौदाबाजार जिले में पति ने पत्नी के चरित्र पर संदेह करते हुए उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिमगा थाना क्षेत्र का है। पीड़िता ने पुलिस सहायता केंद्र लिमतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने बताया कि 25 जनवरी को वह अपने माता-पिता के साथ मनकुदीप पिकनिक जाने की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान पति रिषभ मसीह उर्फ बंटी ने उस पर शक जताया कि वह किसी अन्य व्यक्ति से मिलने जा रही है।
आरोपी ने पीड़िता को अश्लील गालियां दीं, जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की। इसके बाद हत्या की नीयत से उस पर पेट्रोल डालकर माचिस जलाई। पीड़िता किसी तरह मौके से भाग निकली। उसका कहना है कि यदि वह समय पर नहीं भागती तो आरोपी उसे जिंदा जला देता। पीड़िता की शिकायत पर थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 43/2026 के तहत धारा 296, 115(2), 351(3), 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
पुलिस टीम ने आरोपी को पकड़ा
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस सहायता केंद्र लिमतरा के प्रभारी सउनि जगदीश सोनवीन, प्र.आर. राजेन्द्र नेताम, आर लीलाधर देववंशी, आर लक्ष्मी प्रसाद यादव की टीम ने आरोपी की तलाश शुरू की। संभावित ठिकानों से हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म
पूछताछ के दौरान आरोपी ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इसके बाद 23 मार्च 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
आरोपी की आपराधिक छवि
पुलिस के अनुसार रिषभ मसीह उर्फ बंटी थाना सिमगा क्षेत्र का गुंडा-बदमाश है। आरोपी गणेशपुर निवासी है, वर्तमान में विश्रामपुर में रह रहा था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को जेल भेज दिया।