सक्ती जिले में गुरुवार रात सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। यह घटना हसौद थाना क्षेत्र के झरप मोड़ के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार और घुमावदार सड़क को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, छपोरा निवासी धनंजय सिदार अपने घर से ससुराल जा रहा था। झरप मोड़ के पास पहुंचते ही उसकी बाइक अनियंत्रित हो गई और वह सड़क किनारे जा गिरा। इस हादसे में धनंजय की मौके पर ही मौत हो गई।
जिस स्थान पर यह हादसा हुआ, वह क्षेत्र काफी घुमावदार है और तेज गति से वाहन चलाने पर यहां अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं। घटना के समय आसपास के लोगों ने युवक को खेत के पास गंभीर चोटों के साथ पड़ा देखा। उसके सिर और चेहरे पर गहरी चोटें थीं। पुलिस ने शव को पीएम के लिए भेजा
इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही हसौद थाना प्रभारी राजेश पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस बोली- हर पहलू से जांच जारी
प्रारंभिक जांच में यह मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस फिलहाल आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले की हर पहलू से जांच जारी है।