राजधानी के रावाभांठा इलाके में एक मजदूर पर लूट की नीयत से हमला करने का मामला सामने आया

Chhattisgarh Crimesराजधानी के रावाभांठा इलाके में एक मजदूर पर लूट की नीयत से हमला करने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने पहले उसकी तलाशी ली, लेकिन पैसे नहीं मिलने पर गाली-गलौज करते हुए धारदार हथियार से हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। घायल मजदूर का अस्पताल में इलाज जारी है। पीड़ित वेदराम मनहर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह रावाभांठा प्रेमनगर में रहता है और रोजी-मजदूरी का काम करता है। 3 अप्रैल 2026 की रात करीब 9:20 बजे वह पैदल काम के लिए शिव रियल इस्पात की ओर जा रहा था। जैसे ही वह हरीश पेट्रोल पंप के पास गली में पहुंचा, तभी स्कूटी सवार दो अज्ञात युवक उसके पास आए। आरोपियों ने उसे रोककर उसकी जेब टटोलनी शुरू कर दी। जब उनके हाथ कुछ नहीं लगा तो वे उसे “भिखारी” कहकर गाली देने लगे और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद एक आरोपी ने अपने पास रखे धारदार हथियार से उसके बाएं कंधे पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और काफी खून बहने लगा। हमले के बाद डरा-सहमा वेदराम किसी तरह भागकर अपने कार्यस्थल पहुंचा, जहां कंपनी के सुपरवाइजर ने उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही उसका भाई नेतराम मनहर मौके पर पहुंचा और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। घायल को मेकाहारा अस्पताल रायपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

 

पुलिस ने शुरू की जांच

 

इलाज के बाद वेदराम ने थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है और आरोपियों की तलाश जारी है।