भिलाई स्टील प्लांट के पावर प्लांट-2 में मंगलवार सुबह करीब 10 बजे भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार टर्बाइन सेक्शन में ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग तेजी से फैल गई और पूरे इलाके में धुएं का गुबार छा गया घटना के समय प्लांट के अंदर मौजूद कर्मचारियों ने हालात बिगड़ते देख पीछे के रास्ते से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 6 से अधिक गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। संयंत्र प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी और प्रशासन की टीम भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।
इसके बाद आग पर काबू पाने का काम शुरू किया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में 7 से अधिक बीएसपी कर्मियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। ब्लास्ट के साथ लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टर्बाइन में अचानक तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हुआ, जिसके बाद आग की लपटें तेजी से फैल गईं। कुछ ही मिनटों में पावर प्लांट का बड़ा हिस्सा धुएं से भर गया। आसमान में दूर तक धुएं और आग की लपटें दिखाई दे रही थीं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस घटना में 7 से अधिक बीएसपी कर्मियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि दो बीएसपी कर्मचारी और तीन ठेका श्रमिक हल्की चोटों के साथ घायल हुए हैं, जबकि एक कर्मचारी के पैर में फ्रैक्चर बताया जा रहा है।
सभी घायलों को सेक्टर-9 अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। कुछ घायलों को पहले मेन मेडिकल पोस्ट में प्राथमिक उपचार दिया गया। जांच के बाद असली वजह आएगी सामने
प्लांट प्रबंधन और प्रशासन की टीमें लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है। आग लगने के सटीक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। शुरुआती अनुमान के अनुसार, टर्बाइन सेक्शन में तकनीकी खराबी या दबाव बढ़ने से ब्लास्ट होने की संभावना जताई जा रही है, लेकिन असली वजह की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
घटना के बाद प्लांट के अंदर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। आग पूरी तरह बुझने और जांच रिपोर्ट आने के बाद ही नुकसान और घटना के कारणों की सटीक जानकारी सामने आएगी। बीएसपी प्रबंधन की ओर से आधिकारिक बयान का भी इंतजार किया जा रहा है, जिससे स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।