सूरजपुर के प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी के निवास का भीमआर्मी कार्यकर्ताओं ने घेराव किया। मंगलवार को यह प्रदर्शन विधायक की ओर से डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा स्थापित करने का वादा पूरा न करने के विरोध में किया गया। घेराव के दौरान विधायक निवास के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। हालांकि, विधायक भूलन सिंह मरावी अपने निवास पर मौजूद नहीं थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि विधानसभा चुनाव के समय विधायक मरावी और भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय रिंग रोड चौक पर चुनाव जीतने के बाद डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगाने का वादा किया था।
विधायक के कार्यकाल को दो वर्ष से अधिक समय हो चुका है, लेकिन यह वादा अभी तक पूरा नहीं किया गया है। इसी वादे को पूरा करवाने के लिए भीमआर्मी के कार्यकर्ता आज विधायक निवास के बाहर निवेदन करने पहुंचे थे।