
छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नाके पर गाड़ी नहीं रोकने पर बाजार में टीआई ने एक व्यापारी को थप्पड़ जड़ दिया। गाली-गलौज करते हुए कहा कि थाने ले जाकर मारूंगा। जिसका वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामला बोराई थाना क्षेत्र का है। वायरल वीडियो में टीआई नरेंद्र सिंह व्यापारी को सरेआम थप्पड़ मारते और धमकाते साफ नजर आ रहे हैं। वीडियो में वे यह कहते भी सुनाई दे रहे हैं कि वे व्यापारी को थाने ले जाकर मारेंगे। हालांकि, अपनी इस हरकत का सबूत कैमरे में कैद होने के बावजूद अब टीआई थप्पड़ मारने की बात से साफ मुकर रहे हैं। दरअसल, पीड़ित व्यापारी शब्बीर मेमन ने बताया कि, वह हर हफ्ते की तरह शुक्रवार को बोराई के साप्ताहिक बाजार में मुर्गा खरीदने और बेचने आ रहा था। बोराई नाके पर गाड़ी रोकी जा रही थी, लेकिन बाजार पहुंचने में देरी होने के कारण वह गाड़ी नहीं रोक पाया।
इसके बाद टीआई ने उसे बीच बाजार में रोका, गाली-गलौज कर धमकी दी और बहस के दौरान थप्पड़ मार दिया। शब्बीर मेमन ने यह भी आरोप लगाया कि, नाके पर एंट्री फीस के नाम पर गाड़ियां रोकी जाती हैं।