दुर्ग जिले के जामुल इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर स्कूटी सवार छात्राओं को टक्कर मारने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया

Chhattisgarh Crimesदुर्ग जिले के जामुल इलाके में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाकर स्कूटी सवार छात्राओं को टक्कर मारने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दो अन्य छात्राएं घायल हो गईं। हादसा 3 मई की दोपहर नंदिनी रोड पर हुआ था। ट्रक ने स्कूटी सवार तीन नाबालिग बच्चियों को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में 17 साल की बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उसकी दो सहेलियां गंभीर रूप से घायल हो गईं थी। दोनों घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। भिलाई के कैलाश नगर निवासी प्रभाष पाल की नाबालिग बेटी अपनी दो सहेलियों के साथ एक्टिवा से जामुल से एसीसी चौक की ओर जा रही थी। तीनों छात्राएं किताब छोड़ने के बाद जूस पीने रुकी थीं। इसके बाद वे अपनी सहेली को उसके घर छोड़ने जा रही थीं।

 

इसी दौरान नंदिनी रोड पर ट्रक (CG 07 CA 9607) के चालक ने तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर गिर गईं।

 

हादसे में एक छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शराब के नशे में था चालक

 

थाना जामुल पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। जांच के दौरान सामने आया कि ट्रक चालक शराब के नशे में था और तेज रफ्तार में लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

 

आरोपी की पहचान राकेश कुमार पाण्डेय (34) के रूप में हुई है, जो छावनी क्षेत्र का निवासी है। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है।

Exit mobile version