
बिलासपुर के तखतपुर क्षेत्र के नेवरा में गौरव पथ योजना के तहत 36 लाख रुपए की लागत से बनाई गई सीसी रोड एक महीने के भीतर ही उखड़ने लगी है। सड़क से गिट्टियां बाहर निकल आई हैं, जबकि सीमेंट की जगह रेत की परतें दिखाई दे रही हैं। ग्रामीणों ने इसका वीडियो बनाकर कलेक्टर से शिकायत कर दोषी अफसर और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। बिलासपुर-कोटा रोड स्थित ग्राम पंचायत नेवरा में बनी इस सड़क की खराब हालत को देखकर स्थानीय लोगों ने वीडियो बनाया है, जिसमें नवनिर्मित गौरव पथ में घटिया सामग्री के इस्तेमाल और स्तरहीन निर्माण कार्य को दिखाया गया है। निर्माण की खराब गुणवत्ता के कारण सड़क पर वाहन चलते ही गिट्टियां बाहर निकलने लगी हैं। महज एक महीने के भीतर ही सड़क की हालत जर्जर हो गई है। 36 लाख में 450 मीटर रोड का निर्माण
36 लाख रुपए की लागत से 450 मीटर सीसी रोड का निर्माण किया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव में मुख्यमंत्री गौरव पथ योजना के तहत यह राशि स्वीकृत हुई थी। पिछले चार-पांच महीनों से सड़क निर्माण कार्य चल रहा था, जो मार्च में पूरा हुआ, लेकिन निर्माण में कथित भ्रष्टाचार और घटिया सामग्री के इस्तेमाल के कारण सड़क की गुणवत्ता खराब रही। हालत यह है कि सड़क महज एक महीने के भीतर ही उखड़ने लगी है।
गर्मी में जर्जर, तो बारिश में कैसी होगी हालत
स्थानीय निवासी बिहारी सिंह टोडर ने आरोप लगाया कि सीसी रोड निर्माण में घटिया और स्तरहीन सामग्री का इस्तेमाल किया गया है। उन्होंने बताया कि निर्माण के दौरान नालियों का निर्माण भी नहीं किया गया, जिससे बारिश में सड़क की स्थिति और खराब होने की आशंका है।