
संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा 24 मई को जिले के 22 परीक्षा केंद्रों में आयोजित होगी। इस बार परीक्षा में पहली बार फेस ऑथेंटिकेशन सिस्टम लागू किया गया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया से गुजरना होगा। प्रशासन का कहना है कि इससे फर्जी अभ्यर्थियों और गड़बड़ी की संभावनाओं पर रोक लगेगी परीक्षा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त रखी गई है। सभी केंद्रों में प्रवेश के दौरान मेटल डिटेक्टर से फ्रिस्किंग की जाएगी और प्रत्येक केंद्र में कम से कम पांच पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों में जैमर भी लगाए जाएंगे, ताकि किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक संचार या नकल की संभावना न रहे। प्रशासन ने परीक्षा के दौरान अनुशासन बनाए रखने के लिए विशेष निर्देश जारी किए हैं। एक समय में दो अभ्यर्थियों को वॉशरूम जाने की अनुमति नहीं होगी, वहीं परीक्षा के अंतिम 30 मिनट के दौरान किसी भी परीक्षार्थी को वॉशरूम जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि सभी केंद्राध्यक्ष इन नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। आधे घंटे पहले बंद होगा परीक्षा केंद्र का गेट
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पहली पाली के लिए सुबह 9 बजे और दूसरी पाली के लिए दोपहर 2 बजे परीक्षा केंद्र का मुख्य गेट बंद कर दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। अभ्यर्थियों से परीक्षा शुरू होने से कम से कम आधा घंटा पहले केंद्र पहुंचने की अपील की गई है। परीक्षा पहली पाली में सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली में दोपहर 2:30 से 4:30 बजे तक होगी।
मोबाइल, स्मार्ट वॉच और बैग पूरी तरह प्रतिबंधित
परीक्षा हॉल में केवल काले रंग की बॉल पेन, ई-एडमिट कार्ड, फोटोयुक्त पहचान पत्र, पारदर्शी पानी की बोतल और पासपोर्ट साइज फोटो ले जाने की अनुमति होगी। मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, डिजिटल वॉच, बैग, पर्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। केवल वही वस्तुएं केंद्र में ले जाने की अनुमति होगी, जिनका उल्लेख एडमिट कार्ड में किया गया है।