छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद स्थित मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई

Chhattisgarh Crimesछत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के मंदिर हसौद स्थित मिवान स्टील लिमिटेड प्लांट में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि इसकी लपटें और आसमान में उठता काले धुएं का घना गुबार करीब 10 किलोमीटर दूर तक दिखाई देता रहा। घटना के बाद औद्योगिक क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल बन गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे प्लांट परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्लांट के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक नजर आने लगा। घटना की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग, पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही रायपुर, मंदिर हसौद और आसपास के क्षेत्रों से दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहनों को भी बुलाया गया।

करीब 5 घंटे तक चले राहत और बचाव अभियान के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया। इस दौरान पानी और फोम का लगातार उपयोग कर आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोका गया। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राजस्व विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। सुरक्षा कारणों से प्लांट के आसपास बैरिकेडिंग कर क्षेत्र को सील कर दिया गया और लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई।

जनहानि नहीं, नुकसान का आकलन

इस आगजनी में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है, जो राहत की बात रही। हालांकि आग से प्लांट को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। नुकसान का वास्तविक आंकलन जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।

आग के कारणों की जांच शुरू

फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और विशेषज्ञों की टीम को आग लगने के कारणों की पड़ताल की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Exit mobile version