
गौरगांव में बीती रात लगभग एक बजे लगातार बारिश और नमी के कारण एक कच्चे मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आने से परिवार के चार लोग घायल हो गए। घटना के समय इलाके में उफान पर आई नदी के कारण संपर्क मार्ग पूरी तरह कट चुका था। इसके बावजूद ग्रामीणों ने इंसानियत और साहस का परिचय देते हुए अपनी जान जोखिम में डाली और उफनती नदी को पार कर तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों ने कांवड़ व मशक्कत के सहारे घायलों को नदी पार करा मुख्य सड़क तक पहुंचाया, जहां पहले से मुस्तैद 108 और 112 एंबुलेंस के जरिए उन्हें मैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दाखिल कराया गया।
घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल गरियाबंद रेफर कर दिया है। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल एक वृद्ध महिला का इलाज गांव में ही स्थानीय स्तर पर किया जा रहा है। वनांचल क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं और पक्के रास्तों के अभाव को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है।