
दरअसल, खुर्सीपार पुलिस को 26 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे सूचना मिली थी। इसके बाद वाहन जांच के दौरान सफेद रंग की बोलेरो मैक्स पिकअप को रोका गया, जिसका नंबर CG 04 QU 5996 था। यह रायपुर से नागपुर जा रहा था।
पुलिस ने पिकअप की जांच की तो उसका पिछला हिस्सा बदला हुआ मिला। इसे इस तरह बंद किया गया था कि अंदर रखी चीजें बाहर से दिखाई न दें। पुलिस ने गाड़ी की बारीकी से तलाशी ली तो पिछले हिस्से में एक सीक्रेट चेंबर मिला। इसे खोलने पर अंदर कैश मिला।
गिनती करने पर सीक्रेट चेंबर से कुल 4 करोड़ रुपए मिले। पुलिस के अनुसार, रकम भारतीय मुद्रा में है। इतनी बड़ी रकम गाड़ी में छिपाकर ले जाने के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गाड़ी में सवार 2 लोगों से पूछताछ
पुलिस के अनुसार, पिकअप में दो लोग सवार थे। उनकी पहचान भवेशभाई जीनाभाई डाभी और विष्णुदेव दुबे के रूप में हुई है। डाभी गाड़ी चला रहा था। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अब तक यह पता नहीं चला है कि पैसा किसका था और इसे किसके पास ले जाया जा रहा था।