
जांजगीर-चांपा में कौशल विकास प्रशिक्षण का काम दिलाने के नाम पर 5 लाख रुपए लेने की शिकायत की गई है। कोरबा निवासी पारस जैन ने परिवार परामर्श केंद्र की काउंसलर और भाजपा नेत्री संतोषी दुबे और उनकी सहयोगी मीरा खूंटे पर पैसे लेने का आरोप लगाया है। शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक ने संतोषी दुबे को काउंसलर पद से हटा दिया है। मामले की जांच AJK प्रभारी डीएसपी सतरूपा तारम के नेतृत्व में की जा रही है। एक सप्ताह के भीतर परिवार परामर्श केंद्र से जुड़ा यह दूसरा मामला है। इससे पहले काउंसलर पूजा राठौर को भी नौकरी दिलाने के नाम पर पैसे लेने की शिकायत के बाद पद से हटाया गया था पारस जैन ने पुलिस को दी लिखित शिकायत में बताया है कि उनसे 3 लाख 50 हजार रुपए मीरा खूंटे के बैंक खाते में जमा कराए गए। इसके अलावा 1 लाख 50 हजार रुपए संतोषी दुबे के घर पर नकद देने का आरोप लगाया है। इस तरह कुल 5 लाख रुपए लेने की शिकायत की गई है।
जांच के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक ने संतोषी दुबे को परिवार परामर्श केंद्र के काउंसलर पद से हटा दिया है। मामले की जांच AJK प्रभारी डीएसपी सतरूपा तारम के नेतृत्व में चल रही है।
डीएसपी सतरूपा तारम के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एक सप्ताह में दूसरा मामला
परिवार परामर्श केंद्र से जुड़ा एक सप्ताह में यह दूसरा मामला है। इससे पहले काउंसलर पूजा राठौर के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपए लेने की शिकायत मिली थी। इस शिकायत के बाद पुलिस अधीक्षक ने उन्हें भी काउंसलर पद से हटा दिया था।
फिलहाल संतोषी दुबे और मीरा खूंटे के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।