मामला मंदिर हसौद थाना क्षेत्र का हैं। पुलिस के मुताबिक, घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े 7 बजे की है। जानकारी मिलते ही एसएसपी लाल उमेद सिंह मौके पर पहुंचे उनके साथ मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद थे। दोनों ने घटनास्थल का जायजा लिया।
गृहग्राम फरसागुड़ा में आज शाम 5 बजे अंतिम संस्कार किया जाएगा। बता दें कि निखिल बस्तर सीट से पूर्व सांसद दिनेश कश्यप का बेटा था। उसकी मां वेदवती कश्यप वर्तमान में बस्तर जिला पंचायत की अध्यक्ष हैं। सीएम साय ने सोशल मीडिया साइट X पर पोस्ट कर हादसे पर दुख जताया है।
रायपुर से सत्य साईं अस्पताल की ओर जा रहे थे
मंदिर हसौद पुलिस के मुताबिक, तीन बाइक पर चार युवक सवार थे। निखिल कश्यप के साथ उसका एक दोस्त स्पोर्ट्स बाइक पर पीछे बैठा था। सभी रायपुर से सत्य साईं अस्पताल की ओर जा रहे थे। तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
टक्कर से 40 फीट दूर फेंकाया युवक
टक्कर से निखिल करीब 40 फीट दूर फेंका गया। उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर ही खून बहने से निखिल की मौत हो गई। वहीं बाइक के पीछे में सवार दोस्त भी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। वहां मौजूद अन्य दोस्तों ने 112 को सूचना दी।
दोस्त अस्पताल में भर्ती, दोनों ने नहीं पहना था हेलमेट
मौके पर पहुंची 112 ने निखिल के घायल दोस्त को पास के ही एक निजी अस्पताल पहुंचाया है। जहां युवक का इलाज जारी है। दूसरे युवक के भी सिर और शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। वहीं पुलिस ने निखिल की लाश को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था।
नेताओं ने जताया दुख
पूर्व सांसद दिनेश कश्यप के बेटे निखिल कश्यप की सड़क हादसे में मौत की खबर के बाद डिप्टी सीएम अरूण साव और विजय शर्मा ने सोशल मीडिया साइड X पर पोस्ट कर दुख जताया है। वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने भी पोस्ट कर शोक व्यक्त किया है।