बलौदाबाजार जिले के धसगुड़ जलप्रपात पर एक युवक 40 फीट ऊंचाई से नीचे गिरकर घायल हो गया

Chhattisgarh Crimesबलौदाबाजार जिले के धसगुड़ जलप्रपात पर एक युवक 40 फीट ऊंचाई से नीचे गिरकर घायल हो गया। हादसे में उसके शरीर की चार हड्डियां टूट गईं। 26 जुलाई को निखिल साहू (18 साल) अपने दोस्तों के साथ घूमने पहुंचा था, तभी नहाने के दौरान घटना हुई। इसका लाइव वीडियो भी सामने आया है।

बताया जा रहा है सभी दोस्त मस्ती कर रहे थे। तभी निखिल रील बनाने के लिए टॉप में चढ़कर छलांग लगाने वाला था। इस दौरान बैलेंस बिगड़ने से वह सीधे 40 फीट नीचे गिर गया। उसके कमर और दोनों हाथ में सबसे ज्यादा चोट आई है। बताया जा रहा है कि वह ऊंचाई से डरता था लेकिन वीडियो बनाने ऊपर चढ़ा था।

अभी हालत स्थिर

वीडियो में देखा जा सकता है कि बहुत से लोग झरने के नीचे नहा रहे है। झरने के टॉप में भी कुछ लड़के खड़े थे, तभी निखिल अचानक फिसल कर सीधे गिर जाता है। इस दौरान पानी में खून के निशान भी दिखे।

घटना के बाद दोस्तों ने उसे पानी से बाहर निकाला और तुरंत निजी अस्पताल ले गए है। डॉक्टरों के मुताबिक उसकी हालत अभी स्थिर है। बताया जा रहा है निखिल छेरकापुर गांव का रहने वाला है।

इस मौसम में बढ़ती है सैलानियों की भीड़

बारिश के मौसम में सिद्धखोल और धसगुड़ जैसे जलप्रपातों पर सैलानियों की भीड़ बढ़ जाती है। हालांकि इस दौरान कोई ठोस सुरक्षा प्रबंधन नहीं किया जाता। पहले भी युवाओं के झरनों से लापरवाहीपूर्ण छलांग लगाने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

जलप्रपात में नहीं था चेतावनी बोर्ड

स्थानीय लोगों का कहना है कि चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग जैसे उपाय न होने से ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं। इस घटना के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहे हैं कि क्या प्रशासन इन पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर है।

Exit mobile version