हरियाणा के सोनीपत में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे रविवार की देर रात में उसे घर से बुलाकर ले गए और गोली मार दी।
गोली की आवाज सुनते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे तो जवान उन्हें लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। परिजन तुरंत उसे अस्पताल में ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलते ही सदर गोहाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान गांव खेड़ी दमकन निवासी कृष्ण के रूप में हुई है।
कृष्ण वर्तमान में छत्तीसगढ़ में तैनात था और एक महीने की छुट्टी लेकर घर आया था। जवान 2 बच्चों का पिता था, जिनमें से एक बच्चे का जन्म 3 दिन पहले ही हुआ है। उसकी पत्नी अभी भी अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि हाल ही में जवान हरिद्वार से कांवड़ लेने गया था, जहां कुछ युवकों से उसका झगड़ा हुआ था। इसी रंजिश में उसकी हत्या करने की बात सामने आई है। फिलहाल, पुलिस ने खुलासे के लिए चार टीमों को लगाया है।
यहां सिलसिलेवार तरीके से जानिए पूरा मामला…
- 11 साल पहले लगी नौकरी, 7 साल पहले शादी हुई: पुलिस के मुताबिक कृष्ण करीबन 11 साल पहले सीआरपीएफ में नौकरी लगा था। 7 साल पहले उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद उसके दो बच्चे हैं। एक बच्चा करीब 6 साल का है, दूसरे बेटे का जन्म 3 दिन पहले ही हुआ है। अपनी पत्नी की डिलीवरी और अन्य काम को लेकर ही कृष्ण 16 जुलाई को 1 महीने की छुट्टी लेकर घर आया था। जवान का पूरा परिवार गांव में ही रहता है। कृष्ण का एक बड़ा भाई भी है।
- कांवड़ यात्रा लेकर हरिद्वार गया, युवकों से हुआ झगड़ा: ACP गोहाना ऋषिकांत के मुताबिक, सीआरपीएफ जवान कृष्ण 22 जुलाई को कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार गया था। यात्रा के दौरान गांव के ही कुछ युवकों के साथ उसकी कहासुनी हुई थी। बाद में विवाद बढ़ गया था, लेकिन इसके बाद सभी अपने घरों को लौट आए थे। कृष्ण ने शिवरात्रि पर गांव के ही शिवालय में जलाभिषेक भी किया था।
- रात में घर से बुलाकर ले गए, कई गोलियां मारी: पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि गांव के ही कुछ युवकों ने कृष्ण को रविवार की देर रात करीब 1 बजे उसे घर से बाहर बुलाया था। जैसे ही कृष्ण कुमार बाहर आया, उस पर गोलियां चला दीं और फरार हो गए। गोली की आवाज सुनते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ कृष्ण को उठाकर तुरंत अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
- खानपुर मेडिकल कॉलेज में होगा पोस्टमॉर्टम: खेड़ी दमकन गांव में मर्डर की सूचना मिलते ही गोहाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फोरेंसिक टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। पुलिस ने आवश्यक छानबीन और कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर खानपुर पीजीआई भिजवाया। पुलिस ने गांव खेड़ी दमकन जाकर भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। साथ ही परिवार और आसपास के लोगों से मामले की जानकारी ली।