गरियाबंद नुआपड़ा सीमा इलाके के पाटदरहा गरजनपानी घाटी में नक्सलियों के मंसूबों पर फिरा पानी, सात प्रेशर कुकर आईईडी बरामद

Chhattisgarh Crimes युमेन्द्र कश्यप/मैनपुर। छत्तीसगढ़ से लगे ओडिशा के नुवापाड़ा जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी कामयाबी मिली है। माओवादी गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पुलिस ने 7 प्रेशर कुकर IED और बिजली के तारों के 4 बंडल बरामद किए हैं। समय रहते विस्फोटक सामग्री मिलने से इलाके में संभावित बड़ा खतरा टल गया।

■ पटधारा-गरजनपानी इलाका में चला डिमाइनिंग ऑपरेशन

नुवापाड़ा पुलिस की 14 नवंबर 2026 की प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बोदेन थाना क्षेत्र के पटधारा-गरजनपानी इलाके में DVF (डिस्ट्रिक्ट वॉलंटियर फोर्स) की टीम ने सर्चिंग और डिमाइनिंग ऑपरेशन चलाया।

7 प्रेशर कुकर IED और तारों के 4 बंडल बरामद
तलाश अभियान में 7 प्रेशर कुकर IED और बिजली के तारों के 4 बंडल बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री पुराने माओवादी डंप के अवशेष होने की आशंका है।
समय पर विस्फोटक सामग्री बरामद होने से आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर संभावित खतरा टल गया। बरामद सामग्री को सुरक्षित कर लिया गया है और नियमानुसार आगे की कानूनी एवं जांच संबंधी कार्रवाई शुरू की जा रही है।

■ गरियाबंद-धमतरी-नुवापाड़ा क्षेत्र के लिए अहम घटनाक्रम

गरियाबंद, धमतरी और नुवापाड़ा का इलाका लंबे समय से माओवादी गतिविधियों के लिहाज से सुरक्षा एजेंसियों के लिए संवेदनशील रहा है। ऐसे में ओडिशा के सीमावर्ती जंगलों में विस्फोटक सामग्री की बरामदगी सुरक्षा अभियान की दृष्टि से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
नुवापाड़ा पुलिस ने प्रेस विज्ञप्ति में यह भी दावा किया है कि डीजीएन डिवीजन (धमतरी-गरियाबंद-नुवापाड़ा) के सभी माओवादी कैडर पूर्व के अभियानों में या तो आत्मसमर्पण कर चुके हैं या निष्क्रिय किए जा चुके हैं।

Exit mobile version