
पहला मामला मगरलोड थाना क्षेत्र की करेलीबड़ी चौकी के ग्राम भेंडरी का है। वहां मातर मड़ई के दौरान भागीरथी साहू ने गाली-गलौज करने से मना किया, तो आरोपी ने उनके पेट पर साइकिल के स्पोक के धारदार टुकड़े से 6-7 वार किए।
पुलिस के मुताबिक, नारायण साहू (38) अपने पिता भागीरथी साहू के साथ बस स्टैंड के पास चाय की दुकान पर थे। इसी दौरान गांव का ईश्वर राम उर्फ बल्ले साहू वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। आसपास महिलाओं की आवाजाही होने के कारण भागीरथी ने उसे ऐसा करने से मना किया।
दूसरा मामला भखारा थाना क्षेत्र के ग्राम जोरातराई का है। पुलिस के मुताबिक, संतूराम साहू (60) खाना खाने के बाद शीतला मंदिर के पास बैठे थे। पास में कुछ लोग ताश खेल रहे थे। इसी दौरान गांव का खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर वहां पहुंचा।
आरोप है कि खगेश ने संतूराम से गाली-गलौज की और धारदार चाकू से उनके पेट के बाईं ओर वार किया। घायल को डायल 112 की मदद से कुरुद अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए रेफर किया।
पुलिस ने खगेश कुमार निर्मलकर उर्फ सागर निर्मलकर (21) निवासी जोरातराई, थाना भखारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।