धमतरी जिले में शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने निगम प्रशासन के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया

Chhattisgarh Crimesधमतरी जिले में शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ने निगम प्रशासन के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। खराब सड़कों को लेकर 8 जुलाई को छत्रपति शिवाजी महाराज चौक के पास कार्यकर्ताओं ने कीचड़ में बैठकर विरोध जताया।

कार्यकर्ताओं ने पहले कीचड़ की पूजा की और नारियल चढ़ाया। इसके बाद उसी कीचड़ में धान का थरहा बोया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम, ठेकेदार और महापौर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, कांग्रेस ने जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

गड्ढे नहीं भरने से सड़कें खराब

शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष योगेश शर्मा ने बताया कि रत्नाबांधा से कई किलोमीटर तक पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदे गए गड्ढों को सही तरीके से नहीं भरा गया। इससे सड़कों पर कीचड़ जम गया है।

इस समस्या से स्थानीय दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शर्मा ने कहा कि दुकानदार नियमित रूप से टैक्स भरते हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। लगातार हो रही बारिश ने विकास कार्यों की पोल खोल दी है। डामर की सड़कें अब खेत जैसी दिख रही हैं।

जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग

ब्लास्ट कांग्रेस कमेटी के कार्यकर्ता गीतराम सिन्हा ने बताया कि सड़क किनारे पाइपलाइन नगर निगम ने डाला है। जिसको अच्छी तरीके से ढका नहीं गया है। दलदल कीचड़ जैसे निर्मित हो गई है और इसी सड़क से हाइवा ट्रक और अन्य वाहन भी गुजरते हैं।

बड़ी वाहनों के चलते छोटी वाहनों को उस कीचड़ और दलदल में उतरना पड़ता है। वाहन अनियंत्रित हो जाती है, हादसे का खतरा बना रहता है।

गीतराम ने आरोप लगाते हुए कहा कि सीधा-सीधा लोगों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने मांग करते हुए कहा निगम ऐसे ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई करें और लोगों को इस मुसीबत से निकले।